यमुना एक्सप्रेसवे पर कर लीजिये रफ़्तार धीमी नही तो भरना होगा जुर्माना

रिपोर्ट :-दौलत शर्मा

नई दिल्ली :-कोहरे के कारण हादसों की रोकथाम के लिए यमुना एक्सप्रेस वे पर अधिकतम रफ्तार सीमा 75 किमी प्रति घंटा लागू हो गई है। इसका उल्लंघन करने वालों के चालान काटने की कार्रवाई व चालकों को जागरुक किया जा रहा है।यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार से वाहनों की अधिकतम रफ्तार सीमा 75 किमी प्रति घंटा लागू हो गई। रफ्तार सीमा का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए। टोल प्लाजा पर चालकों को जागरुक करने के लिए रफ्तार सीमा कम किए जाने की जानकारी दी गई। 15 फरवरी तक वाहनों के लिए यह रफ्तार सीमा लागू रहेगी।

सर्दियों में यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे का ग्राफ बढ़ जाता है। कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण तेज रफ्तार वाहन हादसाग्रस्त होते हैं। यमुना प्राधिकरण ने हादसों की रोकथाम के लिए एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा सौ किमी प्रति घंटा से घटाकर 75 किमी प्रति घंटा कर दी है। भारी वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा साठ किमी प्रति घंटा तय की गई है। मंगलवार से यह लागू हो गई। पहले दिन कई वाहन चालकों ने गति सीमा का उल्लंघन किया।

एक्सप्रेस वे पर लगे कैमरे से इन वाहनों को चिह्नित कर उनके चालान काटे गए। कई वाहन चालक ऐसे थे, उन्हें रफ्तार सीमा कम होने की जानकारी नहीं थे, ऐसे चालकों को जागरुक करने के लिए टोल प्लाजा पर सूचना देने की व्यवस्था की गई। एक्सप्रेस वे पर लगे एलईडी डिस्प्ले बोर्ड पर भी अधिकतम गति सीमा कम करने की जानकारी लगातार दी गई। पैंफ्लेट आदि बांटकर भी वाहन चालकों को जागरुक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *