महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात कर जताया शोक!

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का आज अंतिम संस्कार किया जाना है. इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शनिवार को ब्रिटैन पहुंच चुकी हैं. ब्रिटेन के बकिंघम पैलेस में अंतिम संस्कार से पहले आयोजित रिसेप्शन में राष्ट्रपति ने किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की है. राष्ट्रपति मुर्मू महारानी के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करने गई हैं. उन्होंने लंदन में रविवार को भारत सरकार की ओर से एक शोक पुस्तिका पर भी हस्ताक्षर किए. गौरतलब है कि एलिजाबेथ द्वितीय का 96 साल की उम्र में आठ सितंबर को स्कॉटलैंड में निधन हो गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को लंदन के वेस्टमिंस्टर हॉल में ब्रिटेन की दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को भारत सरकार और भारत के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि दी. राष्ट्रपति भवन ने मुर्मू की एक वीडियो क्लिप के साथ ट्वीट किया, राष्ट्रपति ने दिवंगत महारानी को अपनी ओर से और भारत के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि दी।

महारानी की अंत्येष्टि में दुनियाभर के शाही परिवार के सदस्यों समेत विश्व के करीब 500 नेता शामिल होंगे. अंतिम संस्कार की रस्म वेस्टमिंस्टर एबे में की जाएगी, जहां करीब 2,000 लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है. शोक कार्यक्रम स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा और एक घंटे बाद दो मिनट का मौन रखे जाने के साथ संपन्न हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *