प्रधानमंत्री की आज सहरसा और फारबिसगंज में दो रैली, 36 विधानसभा सीटों को कवर करने की कोशिश
रिपोर्ट :- प्रियंका झा
बिहार :-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज फिर बिहार में चुनाव प्रचार करेंगे। उनकी सहरसा और अररिया जिले की फारबिसगंज में रैलियां होनी हैं। प्रधानमंत्री की पहली रैली सहरसा के पटेल मैदान पर 11 बजे और दूसरी रैली फारबिसगंज के हवाई अड्डा मैदान पर दोपहर 1 बजे होगी। इन 2 रैलियों के जरिए मोदी तीसरे फेज की 36 विधानसभा सीट को कवर करने की कोशिश करेंगे। आज ही 94 सीट पर वोटिंग भी हो रही है।
मोदी की जहां रैली, वहां कितनी सीटें?
प्रधानमंत्री अब तक बिहार में 10 रैलियां कर चुके हैं। उन्होंने 23 अक्टूबर को सासाराम, भागलपुर, और गया में 3 रैली की थीं। 28 अक्टूबर को दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में 3 रैली की थीं। इससे पहले प्रधानमंत्री की 1 नवंबर को तीन रैली होनी थी, लेकिन कार्यक्रम में थोड़ा बदलाव किया गया। इसके बाद एक नवंबर को उन्होंने छपरा, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर और पश्चिमी चंपारण में 4 जनसभाएं की। 11 दिनों में प्रधानमंत्री अब तक 10 रैली कर चुके हैं।
अब तक की 10 रैलियों में मोदी के बड़े बयान:-
23 अक्टूबर को सासाराम और भागलपुर रैली में प्रधानमंत्री ने महागठबंधन पर निशाना साधा था। उन्होंने 15 साल पहले के लालू राबड़ी के शासन पर कहा था कि 90 के दशक का कुशासन आज भी दिखता है।
28 अक्टूबर को मोदी ने दरभंगा रैली में कहा कि पहले की सरकारों का मंत्र था- पैसा हजम, परियोजना खत्म। इसके बाद मुजफ्फरपुर में तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि जंगलराज के युवराज को बिहार की जनता अच्छी तरह से जानती है। इनका पुराना ट्रैक रिकॉर्ड देखकर जनता इनसे और क्या उम्मीद कर सकती है।
1 नवंबर को मोदी ने कहा कि यूपी में भी चुनाव के दौरान डबल-डबल युवराज थे। गांव-गांव युवराज घूम रहे थे। जनता ने घर लौटा दिया। अब बिहार में हाथ हिला रहे हैं।