दिल्ली में टूटी-फूटी सड़कें केजरीवाल की अक्षमता और कमजोर बुनियादी ढांचे की निशानी- चौ. अनिल कुमार
रिपोर्ट :- नीरज अवस्थी

नई दिल्ली :-दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने कहा कि टूटी सड़कें इस बात की गवाह हैं कि अरविंद सरकार ने भाजपा शासित दिल्ली नगर निगमों के साथ मिलकर दिल्ली के बुनियादी ढांचे को हर तरह से तबाह कर दिया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में टूटी-फूटी और गड्ढों वाली सड़कों की हालत इतनी दयनीय है कि वाहनों को सड़कों पर लगभग रेंग कर चलना पड़ता है, जिसके परिणामस्वरूप प्रत्येक ट्रैफिक सिग्नल पर 10 -10 मिनट तक का जाम लग जाता है। जिससे न केवल ईंधन की हानि होती है बल्कि प्रदूषण भी होता है। चौ. अनिल कुमार ने यह बात आज बदरपुर और चांदनी चौक जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जिला अधिवेशन को संबोधित करते हुए पार्टी के डिजिटल सदस्यता अभियान और आगामी दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारियों को बढ़ावा देने के दौरान कही। कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन बदरपुर और चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री विष्णु अग्रवाल और मिर्जा जावेद अली द्वारा किया गया ।
इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी सहित सदस्यता नामांकनकर्ताओं के साथ सम्मेलनों में शामिल हुए। इस अवसर पर अधिकतम संख्या में डिजिटल सदस्यता का नामांकन करने वाले नामांकनकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
आज के सम्मेलनों में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार के अलावा दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल व सुभाष चोपड़ा, पूर्व सांसद श्री जगदीश टाइटलर, श्री रमेश कुमार, पूर्व मंत्री दिल्ली सरकार हारून युसुफ, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कम्यूनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, पूर्व विधायक अल्का लाम्बा, कुवंर करन सिंह, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, जिला अध्यक्ष जावेद मिर्जा एवं विष्णु स्वरूप अग्रवाल, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रणविजय लोचव, उत्तरी नगर निगम नेता प्रेरणा सिंह, दिल्ली कांग्रेस कोषाध्यक्ष संदीप गोस्वामी, निगम पार्षद शीमा ताहिरा व सुल्क्षना शिनांदी, पूर्व डिप्टी मेयर जगप्रवेश कुमार, पूर्व निगम पार्षद आजाद बिधूड़ी, खविन्दर सिंह, व पनन्ना लाल खेरवाल आदि मौजूद थे।
चौधरी अनिल कुमार ने सम्मेलनों को संबोधित करते हुए कहा कि अब अरविंद सरकार द्वारा गलत जानकारी और मनगढ़ंत आंकडे देना व लोगों को गुमराह करने की रणनीति दिल्ली की जनता के सामने नहीं चलेगी क्योंकि लोग अब वही मानते हैं जो वे देखते हैं और अनुभव करते हैं, टूटी-फूटी सड़कें और दिल्ली की खस्ता हालत अरविंद सरकार के दावों को बेनकाब करने के लिए काफी है।
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि अरविंद सरकार भाजपा की मिलीभगत से नई शराब नीति न केवल बेरोजगार युवाओं को बर्बाद कर देगी, बल्कि कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर स्थिति पैदा करेगी। उन्होंने कहा कि नई आबकारी नीति का मुख्य कारण 500 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करना था क्योंकि अरविंद इसका इस्तेमाल आप विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को अवैध सुख-सुविधाऐं देने में कर रहे है।
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि जनता के बीच खोखले व अधूरे वादों और भ्रष्टाचार के कारण आप व भाजपा पार्टी के प्रति दिल्ली की जनता में गुस्से की लहर है। चौ. अनिल कुमार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर इन दोनों जनविरोधी पार्टियों को बेनकाब करने और कांग्रेस को एमसीडी चुनाव में सत्ता में वापस लाने का आह्वान किया।