किसानों के विरोध के चलते हरियाणा के सीएम खट्टर का कार्यक्रम हुए रद्द
रिपोर्ट :- प्रिंस बहादुर सिंह
हरियाणा :-हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करनाल जिले के एक गांव में किसान महापंचायत का कार्यक्रम किसानों के विरोध के चलते रद्द कर दिया गया। मनोहर लाल खट्टर यहां पर एक किसान महापंचायत को संबोधित करने वाले थे लेकिन प्रदर्शनकारी किसानों के विरोध के चलते उनका हेलीकॉप्टर गांव में नहीं उतर सका।
प्रदर्शनकारी किसानों का एक बड़ा ग्रुप मनोहर लाल खट्टर के कार्यक्रम से पहले गांव में घुस गया था और उनके विरोध के चलते सीएम खट्टर को अपना कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। आपको बता दें कि हरियाणा पुलिस की भारी संख्या में तैनाती के बावजूद भी मनोहर लाल खट्टर का यह कार्यक्रम सफल नहीं हो पाया।
केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के समर्थन में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का यह कार्यक्रम करनाल के एक गांव में होने वाला था। जहां पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे सैकड़ों किसान पहुंचकर नारेबाजी करने लगे जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे किसानों पर आंसू गैस गोले और हल्का बल प्रयोग भी किया लेकिन इन सबके बावजूद सीएम खट्टर का यह कार्यक्रम सफल नहीं हो पाया। गांव में बने हेलीपैड पर किसान बैठ गए और भारी विरोध के बाद मनोहर लाल खट्टर का हेलीकॉप्टर हवा में ही वापस चला गया।