अमित शाह के जन्मदिवस पर पीएम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

रिपोर्ट:- प्रियंका झा

देश के गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष का आज 22 अक्तूबर को जन्मदिन है। इस मौके पर देश के दिग्गज नेता और पार्टी के कई बड़े नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और पीयूष गोयल तक अन्य नेताओं ने उन्हें ट्विटर के जरिए जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

गृह मंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की बधाई। हमारा राष्ट्र उस समर्पण और उत्कृष्टता को देख रहा है जिसके साथ आप भारत की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। भाजपा को मजबूत बनाने के आपके प्रयास भी उल्लेखनीय हैं। ईश्वर आपको लंबे समय तक देश की सेवा करने और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दे।

यूपी के मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘जनप्रिय राजनेता, अद्भुत संगठनकर्ता, जुझारू एवं कुशल रणनीतिकार, राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने वाले यशस्वी गृह मंत्री आदरणीय श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं, प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने गृह मंत्री के दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने लिखा, अथक परिश्रम से देश की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे गृहमंत्री अमित शाह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। सीएए व धारा 370 हटाने जैसे देशहित के निर्णय से वर्षों पुरानी समस्या का अंत करने के साथ ही भाजपा संगठन, और राज्यों में भाजपा सरकार के विस्तार में आपका अतुलनीय योगदान रहा है। आपके जन्मदिवस पर प्रार्थना है कि ईश्वर आप को दीर्घायु करें, और राष्ट्र और जनहित के प्रति आपके विजन, नेतृत्व, अनुभव, और दूरदर्शिता का लाभ सदैव मिलता रहे।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शाह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘देश के गृहमंत्री और कैबिनेट में मेरे साथी अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *